इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर में पाकिस्तान निर्मित ब्यूटी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रानीपुरा और छावनी क्षेत्र में छापेमारी कर विभाग की टीम ने करीब डेढ़ लाख रुपए की प्रतिबंधित क्रीम जब्त की है। इनमें 'पेंटा गोरी' नाम से बिकने वाली क्रीम के पैकेट भी शामिल हैं। इस क्रीम में पारे (मरकरी) की मात्रा निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक पाए जाने की बात सामने आई है। उधर, महाराष्ट्र में इस क्रीम के इस्तेमाल से करीब 18 महिलाओं को किडनी संबंधी गंभीर बीमारी होने का दावा किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पाकिस्तान निर्मित 'गोरी ब्यूटी क्रीम' और 'चांदनी ब्यूटी क्रीम' के इस्तेमाल को लेकर एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने दोनों उत्पादों को अनाधिकृत बताते हुए इनके इस्तेमाल से स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है।
नागपुर में महिलाओं की सेहत बिगड़ने के बाद खुला मामला
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के नागपुर में कई महिलाएं पिछले डेढ़ से दो साल से पाकिस्तान निर्मित गोरी क्रीम का इस्तेमाल कर रही थीं। इसके बाद करीब 18 महिलाओं में किडनी संबंधी गंभीर बीमारी सामने आने का दावा किया गया। मामले की पड़ताल के दौरान महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन को क्रीम में पारे की मात्रा निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक होने की जानकारी मिली। इसके बाद संबंधित विभाग ने उत्पाद को लेकर कार्रवाई शुरू की और अन्य राज्यों को भी सतर्क किया गया। इसी क्रम में इंदौर में भी औषधि विभाग की टीम सक्रिय हुई और शहर में क्रीम की बिक्री करने वाले ठिकानों पर छापेमारी की गई।
रानीपुरा और छावनी में दो जगह छापेमारी
औषधि विभाग की टीम ने इंदौर के रानीपुरा स्थित द ब्यूटी बार और छावनी क्षेत्र की पद्मश्री एजेंसी पर कार्रवाई की। दोनों स्थानों से करीब 300 पैकेट क्रीम बरामद किए गए। इन पैकेटों पर 'मेड इन पाकिस्तान' लिखा हुआ था। जब्त सामग्री की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई है। उप औषधि नियंत्रक नवनीत प्रताप सिंह ने मीडिया को कार्रवाई की जानकारी दी। विभाग अब इस बात की पड़ताल कर रहा है कि प्रतिबंधित उत्पाद इंदौर तक कैसे पहुंचा और शहर में किन-किन स्थानों पर इसकी बिक्री की जा रही थी।
पाकिस्तान से आयात पर प्रतिबंध के बावजूद कैसे पहुंची क्रीम?
इस मामले में एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि पाकिस्तान निर्मित क्रीम भारतीय बाजार तक कैसे पहुंची? दरअसल, भारत सरकार ने 2 मई 2025 को पाकिस्तान में बने या वहां से निर्यात किए गए सामान के सीधे अथवा तीसरे देश के रास्ते आयात और पारगमन पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद इंदौर में पाकिस्तान निर्मित क्रीम की बिक्री सामने आने से आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गोरी और चांदनी क्रीम इस्तेमाल नहीं करने की एडवाइजरी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक ने पाकिस्तान निर्मित गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी ब्यूटी क्रीम के इस्तेमाल को लेकर आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग के अनुसार, दोनों उत्पाद अनाधिकृत हैं और इनमें हेवी मेटल की मात्रा अधिक होने की आशंका है। इनके इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विभाग ने लोगों को इन क्रीमों का उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही दुकानदारों और वितरकों से भी ऐसे उत्पादों की बिक्री से बचने की अपील की गई है।
खूबसूरती के नाम पर सेहत से खिलवाड़!
ब्यूटी प्रोडक्ट्स के बढ़ते बाजार में बिना प्रमाणित गुणवत्ता और सुरक्षा जांच के बिकने वाली क्रीम लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकती हैं। इंदौर में हुई इस कार्रवाई ने कॉस्मेटिक उत्पादों की खरीद-बिक्री और उनकी गुणवत्ता जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रतिबंधित क्रीम की सप्लाई चेन कहां तक फैली है और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।









