भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 8 लाख 19 हजार से अधिक का इजाफा हुआ है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision-2027) के तहत गुरुवार को जारी प्रारूप मतदाता सूची में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। फरवरी 2026 में प्रकाशित एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले यह बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विधानसभा चुनाव 2028 से पहले मतदाताओं की संख्या में हुए इस इजाफे को राजनीतिक और चुनावी दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आंकड़ों से मिली जानकारी
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, नई प्रारूप मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। सूची में 4 लाख 38 हजार 361 महिला, 3 लाख 80 हजार 169 पुरुष और 33 थर्ड जेंडर मतदाता जुड़े हैं। इसके साथ ही प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 82 लाख 85 हजार 144 और महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 65 लाख 13 हजार 547 हो गई है। वहीं थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या बढ़कर 937 दर्ज की गई है।
फरवरी की अंतिम सूची से 8.19 लाख ज्यादा हुए मतदाता
फरवरी 2026 में एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के समय मध्यप्रदेश में कुल 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाता थे। इनमें 2 करोड़ 79 लाख 4 हजार 975 पुरुष, 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 186 महिलाएं और 904 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे। अब नई प्रारूप सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है। इस तरह पिछले आंकड़ों की तुलना में प्रदेश में 8 लाख 18 हजार 563 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
30 से 39 वर्ष आयु वर्ग के सबसे ज्यादा वोटर
आयु वर्ग के लिहाज से मध्यप्रदेश में 30 से 39 वर्ष के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। इस आयु वर्ग में कुल 1 करोड़ 40 लाख 50 हजार 865 मतदाता दर्ज किए गए हैं। वहीं 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग में 1 करोड़ 29 लाख 48 हजार 107 मतदाता शामिल हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश की मतदाता सूची में युवा और मध्यम आयु वर्ग की बड़ी हिस्सेदारी है।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
निर्वाचन आयोग ने प्रारूप मतदाता सूची जारी करने के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मतदाता 11 दिसंबर तक सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या किसी अन्य प्रकार की आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद निर्वाचन आयोग प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का परीक्षण कर उनका निराकरण करेगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
विधानसभा चुनाव 2028 से पहले बढ़े मतदाताओं के आंकड़े अहम
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2028 में होने हैं। ऐसे में मतदाता सूची में लगातार हो रहे बदलाव राजनीतिक दलों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। खासतौर पर नए मतदाताओं के नाम जुड़ने और महिला मतदाताओं की संख्या में हुई बढ़ोतरी पर राजनीतिक दलों की नजर रहेगी। हालांकि, प्रारूप सूची में दर्ज आंकड़ों में दावे और आपत्तियों के निराकरण के बाद बदलाव संभव है।









