कटनी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के कटनी के इतिहास की सबसे बड़ी चोरी की वारदातों में शामिल किसना ज्वेलर्स सेंधमारी कांड ने पुलिस महकमे से लेकर शहर के व्यापारिक जगत तक हड़कंप मचा दिया है। बरगवां स्थित करोड़ों के ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाने वाले बदमाशों ने जिस बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम दिया, उसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। चोर कोई जल्दबाजी में वारदात करने नहीं आए थे, बल्कि पूरी तैयारी, संसाधनों और सुनियोजित रणनीति के साथ मैदान में उतरे थे। ऑटो में गैस और ऑक्सीजन सिलिंडर लादकर शोरूम तक पहुंचना, दीवार में सेंध लगाना और गैस कटर से लॉकर काटकर करोड़ों के जेवर पार कर देना उनकी सुनियोजित तैयारी की कहानी बयां कर रहा है।
शाम को ही पहुंचा दिए थे सिलिंडर, CCTV में कैद हुई बेखौफ गतिविधि
जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने वारदात की तैयारी की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। बदमाश ऑटो में सिलिंडर लादकर शाम के समय ही शोरूम के आसपास पहुंच गए थे। एक निजी प्रतिष्ठान के कैमरों में उनकी यह गतिविधि कैद हुई है। पुलिस ने सिलिंडर खरीदने वाले प्रतिष्ठान के फुटेज भी खंगाले हैं, जहां संदिग्धों के चेहरे दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। सवाल यह है कि शहर के व्यस्त इलाके में ऑटो से इतने बड़े सिलिंडर लाकर उतारने वाले संदिग्धों पर किसी की नजर क्यों नहीं पड़ी?
मुंबई से टूल किट, कटनी से गैस कटर और सिलिंडर की व्यवस्था!
बदमाशों ने वारदात के लिए इस्तेमाल की गई टूल किट मुंबई से खरीदी थी, जबकि गैस कटर, गैस सिलिंडर और ऑक्सीजन सिलिंडर कटनी से ही जुटाए गए। ऑक्सीजन सिलिंडर नगर के बजाज प्रतिष्ठान से खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसके लिए फर्जी आईडी का इस्तेमाल किया गया था। यदि जांच में यह बात प्रमाणित होती है तो यह भी गंभीर सवाल होगा कि पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किए बिना इतनी महत्वपूर्ण सामग्री कैसे उपलब्ध करा दी गई।
पहाड़ी के रास्ते बनाई एंट्री, लॉकर काटकर साफ कर दिया शोरूम!
बदमाशों ने शोरूम के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और भीतर पहुंचकर गैस कटर की मदद से लॉकर काट डाले। शोरूम के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में गैस सिलिंडर, ऑक्सीजन सिलिंडर और अन्य उपकरण भी मिले थे। वारदात के तरीके से अंदाजा लगाया जा रहा है कि गिरोह ने पहले कई दिनों तक शोरूम और आसपास के रास्तों की रेकी की थी। छह से सात बदमाशों के शामिल होने की आशंका है।
12 करोड़ से शुरू हुआ आंकड़ा, 15 करोड़ के पार पहुंचने की आशंका!
शुरुआती जानकारी में 12 करोड़ रुपये से अधिक के सोने और हीरे के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई थी। अब शोरूम संचालकों और पुलिस के बीच स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। आशंका है कि चोरी गए जेवरों की कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। यदि यह आंकड़ा पुष्ट होता है तो कटनी में ज्वेलरी शोरूम में हुई यह बेहद बड़ी चोरी की वारदातों में शामिल होगी।
अलार्म बजता रहा, सुरक्षा व्यवस्था सोती रही!
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि वारदात वाली रात शोरूम का अलार्म एक बार बजा था, लेकिन मौजूद गार्ड ने इसे चूहों की हरकत समझ लिया। सुबह करीब 11 बजे जब मैनेजर और कर्मचारी शोरूम पहुंचे और शटर खोला, तब करोड़ों के जेवर गायब मिले। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के आभूषणों की सुरक्षा आखिर किस भरोसे छोड़ी गई थी? अलार्म बजने के बावजूद तत्काल जांच क्यों नहीं की गई? क्या सुरक्षा व्यवस्था में ऐसी लापरवाही ने बदमाशों को खुला मौका दे दिया?
IG-DIG पहुंचे कटनी, घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की समीक्षा
शुक्रवार को जबलपुर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शोरूम संचालकों से जानकारी लेने के साथ पीछे की दीवार और पहाड़ी क्षेत्र का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर जांच की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की अलग-अलग टीमें दूसरे राज्यों में भेजी गई हैं। होटल और लॉज के रिकॉर्ड तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
शहर के सामने खड़े हुए बड़े सवाल
क्या बदमाश कई दिनों तक शहर में रहकर रेकी करते रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी?
फर्जी आईडी से ऑक्सीजन सिलिंडर खरीदे जाने की जानकारी की जांच में क्या सामने आएगा?
ऑटो में सिलिंडर लेकर शोरूम तक पहुंचने वाले संदिग्धों को किसी ने क्यों नहीं रोका?
अलार्म बजने के बाद भी समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
करोड़ों के कारोबार वाले प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती
आईजी प्रमोद वर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गिरोह पेशेवर और पुराना प्रतीत हो रहा है। अलग-अलग टीमें गठित कर दूसरे राज्यों में भी तलाश की जा रही है। लेकिन कटनी की जनता को केवल जांच और बैठकों के आश्वासन से संतोष नहीं होगा। शहर को यह जानना है कि करोड़ों की इस वारदात को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश कब पकड़े जाएंगे और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी कब होगी। फिलहाल किसना ज्वेलर्स की खाली शोकेस और कटा हुआ लॉकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सबसे बड़ा सवाल बनकर खड़े हैं।









