इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर के भंवरकुआं चौराहे पर स्थित विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय हॉस्टल में बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं। आग की लपटें उठती देख हॉस्टल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग हॉस्टल की बाहरी गैलरी में लगे एडवरटाइजिंग बोर्ड में लगी थी। देखते ही देखते बोर्ड से आग की लपटें उठने लगीं। इसके बाद हॉस्टल परिसर में मौजूद छात्राओं और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा को देखते हुए हॉस्टल के अंदर मौजूद सभी छात्राओं को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया।
सभी छात्राएं सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं
राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के अनुसार आगजनी की इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अचानक लगी आग से कुछ समय के लिए हॉस्टल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों और संपत्ति को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।









