भोपाल/बेगलुरु। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बेंगलुरु के स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान Bengaluru Swami Vivekananda Yoga Research Institute में आयोजित प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में कहा कि कहा कि 20वीं शताब्दी में ऐसे अद्भुत और विलक्षण व्यक्तित्व विरले ही देखने को मिलते हैं। आज का यह आयोजन केवल किसी एक संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव नहीं है, बल्कि यह भारतीय ज्ञान परंपरा, योग साधना, आध्यात्मिक चेतना और मानव कल्याण के लिए समर्पित पांच दशकों की तपस्या, साधना और लंबी यात्रा का यशस्वी परिणाम है।
नेचुरोपैथी हो, आयुर्वेद का अपना विशेष महत्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे वह समय भी याद आता है, जब चिकित्सा के क्षेत्र में सामान्यतः एलोपैथिक पद्धति का ही व्यापक प्रभाव दिखाई देता था। ऐसे वातावरण में यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि कोरोना जैसी कठिन परिस्थितियों में एलोपैथिक अस्पतालों में भी आयुर्वेदिक काढ़े और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का उपयोग हुआ।
इससे हम सभी को अपनी प्राचीन चिकित्सा परंपराओं और ज्ञान पर गर्व करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि चाहे नेचुरोपैथी हो, आयुर्वेद हो अथवा फिजियोथेरेपी सहित प्राकृतिक चिकित्सा की अन्य पद्धतियां हों, इन सभी का अपना विशेष महत्व है। इन चिकित्सा पद्धतियों का मूल उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली प्रदान करना और समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को साकार करना है।
विश्वभर में बुलंद हो रही भारतीय परंपरा-संस्कृति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वास्तव में, हमारे पास ज्ञान का एक ऐसा समृद्ध भंडार है, जिसकी जड़ें हजारों-लाखों वर्ष पुरानी भारतीय ऋषि-मुनियों की परंपरा में समाहित हैं। हमारे ऋषि-मुनियों ने जीवन जीने की कला, योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आध्यात्मिक चेतना के ज्ञान को हमारी जीवनशैली और संस्कारों का अभिन्न अंग बनाया था।
यह हमारा स्वर्णिम अतीत और गौरवशाली विरासत है, जिसे आज पुनः विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और चिकित्सा पद्धतियों के इन सभी विषयों में आज समाज के प्रत्येक वर्ग का जुड़ाव बढ़ रहा है। विशेषकर युवा पीढ़ी न केवल इन विधाओं से जुड़ रही है, बल्कि अपने सामर्थ्य और परिश्रम के बल पर भारतीय ज्ञान, परंपरा और संस्कृति का ध्वज विश्वभर में बुलंद कर रही है।
भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं युवा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज मध्यप्रदेश देश में दूध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है, लेकिन हमारा लक्ष्य यहीं रुकने का नहीं है। हमने संकल्प लिया है कि चरणबद्ध तरीके से मध्यप्रदेश को देश में दूध उत्पादन के क्षेत्र में पहले स्थान पर लेकर जाएंगे। प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। हमारी सरकार प्राकृतिक खेती को अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजना चला रही है। इसके अंतर्गत प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को एक गाय के पालन-पोषण के लिए पूरे वर्ष का खर्च सरकार की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य स्पष्ट है, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, गोपालन को प्रोत्साहित करना, मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखना और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना। हम चाहते हैं कि खेती, पशुपालन और प्राकृतिक संसाधनों का एक ऐसा समन्वित मॉडल विकसित हो, जो किसानों की समृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे। उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि हम अपनी युवा पीढ़ी की सोच और दृष्टिकोण में भी बदलाव लाएं।
आखिर हम पढ़-लिखकर केवल डिग्री हासिल करने और नौकरी पाने की दिशा में ही क्यों आगे बढ़ें? हमारे युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि आज का समय केवल रोजगार तलाशने का नहीं, रोजगार के नए अवसर पैदा करने का है। कृषि, औषधीय खेती, प्राकृतिक चिकित्सा, गोपालन और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता है कि हमारी युवा पीढ़ी इन अवसरों को पहचाने, नवाचार करे और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।









