आधी रात सड़कों पर उतरे नीमच एसपी, फव्वारा चौक पर पुलिसकर्मियों को लगाई फटकार; बोले- गश्त में लापरवाही बर्दाश्त नहीं...जिले के सभी 10 थानों में कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान, एसपी राजेश व्यास ने खुद संभाली कमान; एएसपी हेमलता अग्रवाल और सीएसपी किरण चौहान भी रहीं मौजूद
नीमच। अपराधियों में खौफ और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए नीमच पुलिस आधी रात को सड़कों पर उतरी। लेकिन इस बार पुलिस की गश्त के साथ पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली भी एसपी की निगरानी में रही।
देर रात फव्वारा चौक पर औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस पाइंट पर अपेक्षित पुलिसकर्मी नहीं मिलने पर एसपी राजेश व्यास ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एएसपी हेमलता अग्रवाल, सीएसपी किरण चौहान सहित कैंट थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि रात्रिकालीन गश्त केवल कागजों में नहीं, बल्कि सड़कों पर प्रभावी रूप से नजर आनी चाहिए। जिन स्थानों पर पुलिस पाइंट निर्धारित हैं, वहां पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और सक्रियता सुनिश्चित की जाए।









