इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा में गुटीय राजनीति का असर अब भारतीय जनता युवा मोर्चा तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। इंदौर में युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अजय सिंह पवार की नियुक्ति के बाद सामने आई शुरुआती पोस्टरबाजी ने संगठन के भीतर चल रही खींचतान को चर्चा में ला दिया है। पोस्टर में नेताओं को मिली जगह और तस्वीरों के आकार ने भाजपा के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
श्रवण चावड़ा को दी प्रमुखता
दरअसल, अजय सिंह पवार के पोस्टर में श्रवण चावड़ा को प्रमुखता दी गई है, जबकि प्रदेश की राजनीति में प्रभावशाली माने जाने वाले कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की तस्वीर अपेक्षाकृत छोटी नजर आई। वहीं, श्याम टेलर को भी पोस्टर में प्रमुखता से जगह दी गई। दूसरी तरफ, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जीतू जिराती की तस्वीर भी अपेक्षाकृत छोटी दिखाई देने की चर्चा है। राजनीतिक गलियारों में पोस्टर के इस क्रम को सामान्य डिजाइन के बजाय संगठन के भीतर शक्ति संतुलन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
जीतू जिराती की पसंद को नहीं मिली प्राथमिकता?
पार्टी के अंदर चल रही चर्चाओं के मुताबिक, जीतू जिराती अपने किसी करीबी को इंदौर युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनवाना चाहते थे, लेकिन संगठन के फैसले में उनकी पसंद को प्राथमिकता नहीं मिल सकी। उन्हें महामंत्री पद से संतोष करना पड़ा। ऐसे में अब नए अध्यक्ष की पोस्टरबाजी में नेताओं को मिली जगह को भी इसी राजनीतिक खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। दिलचस्प पहलू यह है कि शुरुआती दौर में अध्यक्ष अजय सिंह पवार और जीतू जिराती एक साथ नजर आते थे। दोनों के बीच बेहतर तालमेल की तस्वीर सामने आती थी, लेकिन अब पोस्टर और राजनीतिक गतिविधियों में बदलते समीकरणों की चर्चा होने लगी है।
बड़े नेताओं की खींचतान का असर युवा मोर्चा पर
इंदौर भाजपा में लंबे समय से अलग-अलग नेताओं के समर्थकों के बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई की चर्चाएं होती रही हैं। शहर में ब्राह्मण समाज से जिला अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर चल रही उठापटक के बीच युवा मोर्चा की पोस्टरबाजी ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है। राजनीतिक जानकारों की नजर में युवा मोर्चा संगठन का काम नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना, युवाओं के बीच पार्टी की विचारधारा का विस्तार करना और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाना है। लेकिन यदि यहां भी बड़े नेताओं के समर्थकों के बीच वर्चस्व की प्रतिस्पर्धा हावी होने लगी तो संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
अब युवा मोर्चा में संगठन भारी पड़ेगा या गुट?
अजय सिंह पवार की नियुक्ति के बाद सामने आए पोस्टर ने भले ही कोई औपचारिक विवाद खड़ा नहीं किया हो, लेकिन तस्वीरों के आकार और नेताओं को मिली प्राथमिकता ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है। सवाल यह है कि युवा मोर्चा के नए पदाधिकारी सभी नेताओं को साथ लेकर संगठन मजबूत करेंगे या बड़े नेताओं की गुटीय राजनीति यहां भी हावी रहेगी?फिलहाल इंदौर युवा मोर्चा की शुरुआती पोस्टरबाजी ने इतना तो साफ कर दिया है कि भाजपा की अंदरूनी राजनीति में अब युवाओं का मंच भी सियासी समीकरणों से अछूता नहीं है।









