भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक और राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। पार्टी में सत्ता और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने की कवायद के बावजूद कई महत्वपूर्ण पद अब तक खाली पड़े हैं। जिला स्तर से लेकर संभागीय और प्रदेश स्तर तक नियुक्तियां अटकी हुई हैं। वहीं, निगम-मंडलों और विभिन्न प्राधिकरणों में भी राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। इससे लंबे समय से जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं और कार्यकर्ताओं में बेचैनी बढ़ने लगी है।
कई जिलों में नहीं हो पाई नियुक्तियां
प्रदेश भाजपा में मुरैना, दतिया, भोपाल और इंदौर सहित कई जिलों में जिला स्तर के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं। संभागीय स्तर पर भी कार्यालय मंत्री सहित कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां खाली हैं। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर संगठन में नियुक्तियों की प्रक्रिया कब पूरी होगी और कार्यकर्ताओं को कब उनकी जिम्मेदारियां मिलेंगी?
युवा मोर्चा और महिला मोर्चा में भी इंतजार
भाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों में भी नियुक्तियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित अन्य संगठनों में कई पदों पर नियुक्तियों का इंतजार कर रहे कार्यकर्ता अपनी बारी की राह देख रहे हैं। जिला स्तर पर पदाधिकारियों की टीम का विस्तार नहीं होने से संगठनात्मक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की चर्चा है। पार्टी के भीतर इन नियुक्तियों को लेकर कई दावेदार सक्रिय हैं। अलग-अलग नेताओं के समर्थक अपने करीबियों को संगठन में जगह दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में नामों पर सहमति बनाने और क्षेत्रीय व सामाजिक समीकरण साधने की चुनौती भी सामने आ रही है।
निगम-मंडलों में भी राजनीतिक नियुक्तियां अटकीं
संगठन के साथ सत्ता से जुड़ी नियुक्तियों का मामला भी लंबित है। प्रदेश के विभिन्न निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पद खाली पड़े हैं। इन पदों पर नियुक्तियों के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जानी है। लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कई नेता सत्ता में भागीदारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान पार्टी के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को राजनीतिक नियुक्तियों के जरिए सम्मानित करने की चर्चा भी होती रही है, लेकिन निर्णय में देरी के कारण दावेदारों का इंतजार बढ़ता जा रहा है।
गुटीय समीकरण और सहमति का पेंच?
भाजपा में संगठनात्मक नियुक्तियां केवल पद भरने तक सीमित नहीं हैं। इनके जरिए क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक समीकरण और अलग-अलग नेताओं के बीच राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश भी होती है। ऐसे में कई पदों पर नाम तय करने में सहमति बनाना पार्टी नेतृत्व के लिए चुनौती बन सकता है। जिला अध्यक्षों से लेकर मोर्चा-प्रकोष्ठों और निगम-मंडलों तक नियुक्तियों में देरी ने संगठन के भीतर चर्चाओं को तेज कर दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाजपा नेतृत्व कब इस ठहराव को खत्म करेगा और खाली पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया को गति देगा? फिलहाल संगठन से लेकर सत्ता तक पदों का इंतजार कर रहे दावेदारों की निगाहें प्रदेश नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं।









