भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के सामने अभी से कई चुनौतियां हैं। पार्टी को सत्ता में वापसी करनी है तो उसे न केवल मजबूत सीटों पर अपना प्रदर्शन सुधारना होगा, बल्कि उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान देना होगा, जहां कांग्रेस पिछले तीन से चार दशकों से लगातार चुनाव हारती आ रही है। इसी बीच कांग्रेस की रणनीति को लेकर एक नया सुझाव सामने आया है। इसमें मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जाने वाले वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक क्षमता, संगठनात्मक ताकत और चुनाव जिताने के प्रदर्शन को ही उनकी भविष्य की जिम्मेदारी का आधार बनाने की बात कही गई है।
कांग्रेस के पास 10 कद्दावर नेताओं की ताकत
सीएम फेस वाले 10 नेताओं की क्षमता और ऊर्जा के उपयोग वाले प्रस्ताव के मुताबिक, मध्यप्रदेश कांग्रेस में करीब 10 ऐसे नेता हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री बनने का अनुभव, राजनीतिक समझ, संसाधन और संगठनात्मक प्रभाव मौजूद है। ऐसे में केवल वरिष्ठता, गुटीय समीकरण या राजनीतिक दावेदारी के आधार पर मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने के बजाय नेताओं को चुनावी मैदान में अपनी क्षमता साबित करने का मौका दिया जाना चाहिए, ताकि बदलाव के संकेत अभी से जनता के बीच दिखाई दें।
70 कमजोर सीटों पर नेताओं की हो चुनावी परीक्षा
मध्यप्रदेश में विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं। इनमें से करीब 70 सीटें ऐसी मानी जा रही हैं, जहां कांग्रेस पिछले 30 से 35 वर्षों से लगातार कमजोर प्रदर्शन करती रही है। सुझाव है कि इन सीटों को जीतने के लिए पार्टी विशेष रणनीति तैयार करे और मुख्यमंत्री पद के दावेदार नेताओं को इन क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाए। इन नेताओं को केवल प्रचार तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि उम्मीदवारों के चयन, स्थानीय समीकरणों को साधने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी दी जाए। इसके साथ ही उनके गृह जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भी उनके प्रभाव और संगठनात्मक क्षमता का आकलन किया जाए।
लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को भी बनाया जाए आधार
इस फॉर्मूले में नेताओं की राजनीतिक ताकत मापने के लिए पिछले दो लोकसभा चुनावों के आंकड़ों को भी महत्वपूर्ण माना गया है। इसके तहत यह देखा जाए कि संबंधित नेताओं के गृह क्षेत्र और गृह जिले में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों को कितने वोट मिले और पार्टी का वोट प्रतिशत कितना रहा। इसके बाद विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व में कांग्रेस के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाए। खासतौर पर उन कठिन सीटों पर जीत का स्ट्राइक रेट देखा जाए, जहां पार्टी लंबे समय से जीत हासिल नहीं कर पाई है। जिस नेता का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहे, उसे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देने पर विचार किया जाए।
मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम और गृहमंत्री भी मेरिट से तय हों
पार्टी को मिले सुझावात्मक प्रस्ताव में केवल मुख्यमंत्री पद ही नहीं, बल्कि दो उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री का चयन भी इसी प्रदर्शन आधारित व्यवस्था से करने की बात कही गई है। यानी नेताओं को अपनी राजनीतिक ताकत, जनाधार और चुनावी प्रबंधन के दम पर पद हासिल करने का अवसर मिले। इससे पार्टी के भीतर गुटबाजी और आपसी खींचतान कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही हर बड़े नेता की जिम्मेदारी और जवाबदेही भी तय होगी। इस सोच के पीछे तर्क है कि यदि सभी वरिष्ठ नेता अपनी प्रतिष्ठा और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल पार्टी को जिताने में करें तो 2028 में कांग्रेस की सत्ता में वापसी की संभावनाएं मजबूत हो सकती हैं।
क्षेत्रवार कांग्रेस के संभावित मुख्यमंत्री चेहरे
मध्यप्रदेश कांग्रेस में अलग-अलग क्षेत्रों से कई वरिष्ठ नेताओं के नाम मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में रहते हैं। प्रस्ताव में क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए इन नामों को जिम्मेदारी देने की बात कही गई है।
विंध्य क्षेत्र: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल को विंध्य क्षेत्र में कांग्रेस की चुनावी संभावनाएं मजबूत करने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
महाकौशल क्षेत्र: पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा जैसे अनुभवी नेताओं के नाम सामने रखे गए हैं। दोनों का राजनीतिक अनुभव और क्षेत्रीय प्रभाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।
मालवा-निमाड़ क्षेत्र: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और जयस के प्रमुख डॉ. हीरालाल अलावा को इस क्षेत्र के प्रमुख चेहरों के रूप में देखा जा रहा है। इन नेताओं को आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का जनाधार बढ़ाने की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
मध्यभारत क्षेत्र: पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम प्रमुखता से सामने आता है। संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक रणनीति के लिहाज से उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र: पूर्व सांसद अशोक सिंह, पूर्व विधायक फूल सिंह बरैया और वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह को इस क्षेत्र में कांग्रेस की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया जा सकता है।
बुंदेलखंड क्षेत्र: यहां किसी लोकप्रिय लोधी समाज के चेहरे को आगे लाने की बात कही गई है, ताकि क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को साधते हुए कांग्रेस अपना जनाधार मजबूत कर सके।
2028 में कांग्रेस के लिए कितना कारगर होगा यह फॉर्मूला?
मध्यप्रदेश में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि संगठन के भीतर मौजूद अलग-अलग शक्ति केंद्रों को एकजुट करना भी है। मुख्यमंत्री पद को लेकर कई वरिष्ठ नेताओं की दावेदारी और क्षेत्रीय समीकरण पार्टी के लिए चुनौती बन सकते हैं। ऐसे में चुनावी प्रदर्शन को नेतृत्व चयन का आधार बनाने वाला यह सुझाव कांग्रेस के लिए एक अलग रणनीतिक विकल्प हो सकता है। इससे नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा को सकारात्मक दिशा देने और लंबे समय से कमजोर सीटों पर पार्टी की स्थिति सुधारने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस फॉर्मूले पर कांग्रेस नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।









