कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की जिंदगी अब सिनेमा के पर्दे पर नजर आने वाली है. उनकी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) पर तेलुगु भाषा में फीचर फिल्म बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. इस प्रोजेक्ट को लेकर तेलंगाना कांग्रेस के नेताओं ने पहल भी शुरू कर दी है. फिल्म के निर्माण के लिए फंड जुटाने से लेकर निर्देशक की तलाश तक की योजना बनाई जा रही है. खास बात यह है कि इस बायोपिक के लिए एक व्यक्ति ने 2 करोड़ रुपये देने का ऐलान भी कर दिया है.
सोनिया गांधी की जिंदगी पर फिल्म बनाने का ऐलान
12 नवंबर को तेलंगाना के संगारेड्डी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई थी. इसी दौरान तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष जग्गा रेड्डी ने सोनिया गांधी की जिंदगी पर फिल्म बनाने की जानकारी दी. उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए आर्थिक सहयोग देने की अपील की.
जग्गा रेड्डी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चुनाव के दौरान भी पार्टी के लिए पैसा खर्च करते हैं. ऐसे में इस फिल्म को भी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश की तरह देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर बजट जुटाना होगा, ताकि फिल्म के लिए एक बेहतरीन निर्देशक का चयन किया जा सके.
बायोपिक के लिए मिला 2 करोड़ रुपये का डोनेशन
फिल्म की घोषणा के साथ ही इसके निर्माण के लिए आर्थिक मदद भी मिलने लगी है. संगारेड्डी कांग्रेस के संयोजक जुलाकांति अंजनेयुलु ने प्रोडक्शन के लिए 2 करोड़ रुपये का योगदान देने की घोषणा की है.
इस प्रोजेक्ट को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए 50 सदस्यों की एक कमेटी गठित की जाएगी. गांधी भवन के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) हरिप्रसाद को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. फिल्म की शुरुआती तैयारियां और प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा होने के बाद भव्य मुहूर्त समारोह आयोजित किया जाएगा. इसमें तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और TPCC अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ को विशेष अतिथि के तौर पर बुलाने की योजना है.
फिल्म में दिखेगा सोनिया गांधी का पूरा सफर
जग्गा रेड्डी के मुताबिक, इस फिल्म में सोनिया गांधी के जीवन के कई अहम पहलुओं को दिखाया जाएगा. कहानी में उनके इटली से भारत आने, इंदिरा गांधी के परिवार की बहू बनने और राजीव गांधी के साथ उनके रिश्ते को प्रमुखता दी जाएगी.
इसके अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मां के रूप में उनकी भूमिका और परिवार के साथ बिताए गए भावनात्मक पलों को भी पर्दे पर उतारने की योजना है. फिल्म में उनके निजी जीवन के साथ राजनीतिक सफर को भी जगह मिलने की उम्मीद है.
सोनिया गांधी की राजनीतिक समझ की तारीफ
जग्गा रेड्डी ने सोनिया गांधी के व्यक्तित्व और राजनीतिक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि भारत जैसे विविधताओं वाले देश में अपनी अलग पहचान बनाना आसान नहीं है. यहां अलग-अलग धर्म, जातियां और भाषाएं हैं, लेकिन सोनिया गांधी ने अपनी मेहनत और समझदारी से राजनीति में मजबूत जगह बनाई.
उन्होंने कांग्रेस की राजनीति को समुद्र जितना गहरा बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने इस राजनीति को करीब से समझा और उसकी बारीकियों को जाना है. अब देखना होगा कि उनकी जिंदगी पर बनने वाली यह फिल्म कब तक पर्दे पर आती है और दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया हासिल करती है.









